प्रेम मंदिर

प्रेम मंदिर के भव्य दर्शन

प्रेम मंदिर सबसे बड़े भारतीय राज्य उत्तर प्रदेश (जनसँख्या के अनुसार) में मथुरा जिले के पास वृंदावन में स्थित एक प्रसिद्ध हिन्दू मंदिर है। भगवान कृष्ण और राधा को समर्पित इस मंदिर का निर्माण जगद्गुरु कृपालु महाराज द्वारा करवाया गया है। यह मंदिर वृंदावन में बने अन्य मंदिरों में सबसे अनोखा है, जिसे देखने के लिए प्रतिदिन हजारो की संख्या में श्रद्धालु मथुरा आते है। यह मन्दिर प्राचीन भारतीय शिल्पकला के पुनर्जागरण का एक नमूना है। वृंदावन उत्तर भारत के मुख्य धार्मिक स्थलों में से एक है | 

प्रेम मंदिर

मथुरा स्थित यह भव्य मंदिर लगभग 54 एकड़ में बना है और उसकी ऊँचाई 125 फुट, लम्बाई 122 फुट और चौड़ाई 115 फुट है। इस मंदिर के निर्माण में इटैलियन करारा संगमरमर का प्रयोग किया गया है। सफेद संगमरमर की दीवारों पर की गई बारीक नक्काशी मंदिर की सुन्दरता में चार चांद लगा देती है | इस मन्दिर को बनाने में 11 वर्ष का समय लगा था और इसकी कुल निर्माण लागत करीब 100 करोड़ रुपए है। इस भव्य मंदिर को राजस्थान और उत्तर प्रदेश के करीब 1000 शिल्पकारों ने मिलकर तैयार किया है। इस मंदिर के खुलने का समय सुबह 5.30 बजे से रात्री 8.30 बजे तक है। मंदिर में सभी धर्मो के लोगो को प्रवेश करने की अनुमति है और सभी लोगो के लिए प्रवेश पूरी तरह से नि: शुल्क है। प्रेम मंदिर की सुन्दरता रात्री को देखते ही बनती है, रात के समय पूरा मंदिर परिसर लाइटिंग से जगमगा उठता है। वहीं हर रोज शाम को करीब आधे घंटे के एक फाउंटेन शो का भी आयोजन किया जाता है।